मसूरी में राहुल गांधी के स्वागत की जोरदार तैयारियां, कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में उत्साह

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर मसूरी में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी आज शाम करीब 4:30 बजे हेलीकॉप्टर के जरिए मसूरी के सेंट जॉर्ज कॉलेज पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं। शहर में जगह-जगह कांग्रेस पार्टी के बैनर और झंडे लगाए गए हैं और कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में जुट रहे हैं।

मसूरी पहुंचने के बाद राहुल गांधी निजी वाहन से सवाई होटल जाएंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद वे देहरादून में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेंगे।

इस दौरे में उनके साथ प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह और डॉ. हरक सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भी मौजूद रहेंगे।

2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए राहुल गांधी का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी के दिग्गज नेताओं का एक मंच पर आना संगठन को मजबूती देने की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि मसूरी वासियों को राहुल गांधी का बेसब्री से इंतजार है और उनके आगमन से न केवल मसूरी विधानसभा बल्कि पूरे उत्तराखंड में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।

वहीं, कांग्रेस पीसीसी सदस्य उपेंद्र थापली ने बताया कि राहुल गांधी की इच्छा के अनुसार सवाई होटल में उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के आगमन से कार्यकर्ताओं और आम लोगों में खासा उत्साह है। साथ ही वे 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ जनसंवाद भी करेंगे, जिसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!