संघर्ष और समर्पण की सीख देता है खेल: रेखा आर्या

उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को परेड ग्राउंड स्थित मल्टीपरपज हॉल में उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा आयोजित वार्षिक बैडमिंटन प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में 200 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिससे प्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है।

प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सचिवालय के कर्मचारी और अधिकारी अपने अवकाश के दिनों में इस तरह के खेल आयोजन कर यह संदेश दे रहे हैं कि जितना जरूरी काम है, उतना ही जरूरी शरीर के लिए खेल भी है। उन्होंने कहा कि खेल हमें परिश्रम, संघर्ष और समर्पण जैसे महत्वपूर्ण गुण सिखाता है, जो जीवनभर हमारे काम आते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड में खेल संस्कृति का तेजी से विकास हुआ है। अब प्रदेश का कोई भी स्टेडियम खाली नहीं रहता और हर जगह खिलाड़ी नियमित अभ्यास के लिए पहुंच रहे हैं। राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन भी लगातार बढ़ रहा है।

खेल मंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पदक विजेताओं को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत आरक्षण और आउट ऑफ टर्न नियुक्ति जैसी सुविधाओं ने युवाओं को खेल को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया है।

रेखा आर्या ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड में विकसित हो रहे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल ढांचे को देखते हुए भविष्य में कॉमनवेल्थ और ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी का अवसर भी मिल सकता है।

इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष हीरा सिंह बसेड़ा, महासचिव प्रमोद कुमार, प्रभारी जिला खेल अधिकारी रविंदर भंडारी, भूपेंद्र बसेड़ा, सत्येंद्र सिंह सजवाण, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी पुनीता और संजय जोशी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *