कांग्रेस को झटका, दो महिला नेत्रियों सहित कई नेताओं का भाजपा में प्रवेश

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज राजनीतिक सरगर्मी तेज देखने को मिली, जब कांग्रेस की दो वरिष्ठ महिला नेत्रियों समेत कई प्रमुख नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पार्टी कार्यालय में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।

भाजपा में शामिल होने वालों में कांग्रेस की पूर्व नेत्री मीना शर्मा और लक्ष्मी राणा के नाम प्रमुख रहे। इनके साथ ही घनसाली से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके अनुसूचित जाति के नेता दर्शन लाल भारती ने भी भाजपा की सदस्यता ली।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ये सभी नेता लंबे समय से कांग्रेस में सक्रिय थे, लेकिन संगठन की कार्यशैली और नीतियों से असंतुष्ट होकर उन्होंने भाजपा को चुना है।

महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों, विशेषकर “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” पर कांग्रेस के रुख से महिला नेताओं में असंतोष बढ़ा, जिसके चलते उन्होंने भाजपा की विचारधारा को अपनाया।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर लगातार जनप्रतिनिधि भाजपा से जुड़ रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों पर भ्रम फैलाने का काम करती रही है, जिसका असर अब उसके संगठन पर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस से और भी कई बड़े नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

इस घटनाक्रम को उत्तराखंड की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आने वाले समय में राजनीतिक समीकरणों पर असर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *