ऋषिकेश: कौड़ियाला क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान के दौरान तेज बहाव में लापता हुए गाजियाबाद निवासी युवक की तलाश के लिए SDRF का सर्च अभियान दूसरे दिन भी लगातार जारी रहा। इस दौरान खोजबीन के दौरान टीम को नदी से एक अज्ञात महिला का शव भी बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार, इंदिरापुरम (गाजियाबाद) निवासी 43 वर्षीय आशीष जैन 6 जून को गंगा नदी में स्नान करते समय तेज धारा में बह गए थे। घटना के बाद से SDRF की टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है।
रविवार सुबह SDRF की डीप डाइविंग टीम ने घटनास्थल और डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में व्यापक सर्च अभियान चलाया। राफ्ट, डीप डाइविंग उपकरणों और अन्य आधुनिक संसाधनों की मदद से नदी के संभावित बहाव क्षेत्र में गहन खोजबीन की गई। इसके अलावा नदी किनारों और संवेदनशील स्थानों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान कौड़ियाला क्षेत्र में नदी के भीतर एक अज्ञात महिला का शव दिखाई दिया। SDRF टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को बाहर निकालकर सुरक्षित रूप से ब्यासी रोड हेड तक पहुंचाया और आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
फिलहाल लापता युवक की तलाश के लिए SDRF का अभियान लगातार जारी है।















Leave a Reply