रुड़की के ऐतिहासिक नेहरू स्टेडियम को आधुनिक खेल सुविधाओं से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने हवन-पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्टेडियम के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इस परियोजना के लिए 2 करोड़ 28 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
नेहरू स्टेडियम लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, जिसके कारण खिलाड़ियों और खेल आयोजनों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। अब स्टेडियम को नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा, जहां खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
खिलाड़ियों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि स्टेडियम के पुनर्निर्माण के बाद यहां आधुनिक चेंजिंग रूम, दर्शक दीर्घा, पवेलियन और अन्य खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराना है ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
कार्यक्रम में मौजूद खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और इसे रुड़की के खेल विकास के लिए अहम कदम बताया।
युवाओं को मिलेगा बेहतर मंच
मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार युवाओं और खिलाड़ियों के हित में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक स्टेडियम बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे खेल प्रतिभाओं को नया मंच मिलेगा।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।












Leave a Reply