रुड़की तहसील परिसर को मिला नया रूप, सौंदर्यकरण कार्यों का हुआ शुभारंभ

रुड़की: शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रशासन ने एक और बड़ा कदम उठाया है। रुड़की तहसील परिसर में सौंदर्यकरण कार्यों का विधिवत उद्घाटन कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस दौरान तहसील परिसर को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप में विकसित कर जनता को समर्पित किया गया। कार्यक्रम में कंप्यूटर सेंटर के प्रथम बैच का शुभारंभ भी किया गया, जिससे स्थानीय युवाओं को तकनीकी शिक्षा का लाभ मिलेगा। साथ ही, छात्राओं को बैग वितरित कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया।

सौंदर्यकरण के तहत तहसील के मुख्य प्रवेश द्वार का पुनर्निर्माण, दीवारों पर सुंदर पेंटिंग्स, और अतिक्रमण हटाने जैसे कार्य किए गए हैं। इन बदलावों से परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थापन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि रुड़की को स्वच्छ और सुंदर बनाना उनकी प्राथमिकता है और ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे। वहीं, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि यह पहल प्रदेश सरकार के विकास विजन को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ सहित कई अधिकारी और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *