रुड़की पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

रुड़की में हरिद्वार पुलिस ने एटीएम बदलकर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। एसएसपी नवनीत सिंह के ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत पुलिस ने सहारनपुर निवासी आरोपी संजय को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के पास से 12 एटीएम कार्ड और 10,700 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी लंबे समय से बुजुर्गों और महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

70 हजार की ठगी से खुला मामला

मुण्डलाना निवासी एक महिला के खाते से 70 हजार रुपये की ठगी होने के बाद मामले की जांच शुरू हुई। शिकायत मिलने पर भगवानपुर कोतवाली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच तेज की।

कोतवाली प्रभारी भगवान महर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हरिद्वार, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के करीब 356 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर सोमवार देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

मदद के बहाने बदलते थे ATM कार्ड

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य एटीएम बूथों के बाहर लोगों की मदद करने के बहाने उनका कार्ड बदल लेते थे। खासतौर पर बुजुर्ग और महिलाएं इनके निशाने पर रहती थीं।

गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वारदात की प्लानिंग करता था और पुलिस से बचने के लिए फर्जी नाम से सिम कार्ड इस्तेमाल करता था।

आरोपी पर दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार आरोपी संजय के खिलाफ सहारनपुर में धोखाधड़ी और चोरी के आठ से ज्यादा मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

टीम में शामिल रहे ये पुलिसकर्मी

इस कार्रवाई में निरीक्षक भगवान महर, उपनिरीक्षक नितिन विष्ट, हेड कांस्टेबल अमित शर्मा, कांस्टेबल उत्तम, रणवीर, विनोद और सीआईयू के महिपाल की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *