रुड़की: 94% अंक हासिल कर अतिका हुसैन बनीं मिसाल, गांव और स्कूल में जश्न

रुड़की के भगवानपुर क्षेत्र स्थित चंदनपुर गांव की होनहार छात्रा अतिका हुसैन ने उत्तराखंड बोर्ड की हाई स्कूल परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है। रिजल्ट घोषित होते ही परिवार और गांव में खुशी का माहौल छा गया।

अतिका ने मून किंगडम पब्लिक इंटर कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की है। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल के शिक्षकों और स्टाफ ने गर्व जताया। परिणाम आने के बाद स्कूल का पूरा स्टाफ उनके घर पहुंचा और मिठाई खिलाकर बधाई दी।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि अतिका शुरू से ही पढ़ाई में मेहनती और अनुशासित रही हैं। उनकी इस सफलता ने न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव को गौरवान्वित किया है। क्षेत्र के लोग भी लगातार उनके घर पहुंचकर शुभकामनाएं दे रहे हैं।

अतिका ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया है। उनका लक्ष्य आगे चलकर उच्च शिक्षा हासिल कर अपने सपनों को पूरा करना है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *