देहरादून: श्री कैंचीधाम (नैनीताल) में 15 जून को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस एवं वार्षिक मेले की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने पुलिस, जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों को मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए अगले 10 दिनों के लिए विशेष रूट प्लान और यातायात प्रबंधन व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र के लिए जोनल और सेक्टोरल प्लान तैयार किया जाए तथा पार्किंग व्यवस्था और ट्रैफिक रूट की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार स्थानीय स्तर के साथ-साथ राज्य और राज्य के बाहर भी किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने मेला क्षेत्र में सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मल्टीलेवल पार्किंग तक आने-जाने के मार्गों को व्यवस्थित रखने और पार्किंग स्थल से मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा संचालित करने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने पुलिस और लोक निर्माण विभाग को वैकल्पिक मार्गों की तैयारी, रूट डायवर्जन और आवश्यक सड़कों की ब्लैक टॉपिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। उन्होंने भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन को लेकर सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए विस्तृत निकासी योजना (एवैक्यूएशन प्लान) तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, एम्बुलेंस सेवाओं और आपदा प्रबंधन संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सुरक्षा बलों और मंदिर प्रशासन से जुड़े कर्मियों को निकासी योजना की पूरी जानकारी देने और उसका नियमित अभ्यास कराने पर भी बल दिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने दें।
बैठक में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।















Leave a Reply