उत्तराखंड के देहरादून में एक प्रेरणादायक अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने 58 गोरखा राइफल्स के सेवानिवृत्त हवलदार उदय सिंह थापा को उनके 100वें जन्मदिवस पर सम्मानित किया। मंत्री स्वयं जोहड़ी गांव स्थित कुठालवाली पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे।
इस विशेष मौके पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हवलदार उदय सिंह थापा का जीवन देशभक्ति, अनुशासन और समर्पण का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने बताया कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान थापा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय रही है। ऐसे वीर सैनिकों के योगदान से ही देश आज सुरक्षित और मजबूत बना हुआ है।
मंत्री ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि समाज को उनके अनुभवों और जीवन मूल्यों से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे पूर्व सैनिक देश की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर उपाध्यक्ष संध्या थापा सहित परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।












Leave a Reply