उत्तराखंड में रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। रामनगर से देहरादून के बीच नई रेल सेवा को स्वीकृति मिल गई है, जिससे राज्य के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने इस उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्हें केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें इस नई रेल सेवा के संचालन को मंजूरी दी गई है।
सांसद ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता की रेल सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार ने हमेशा सकारात्मक और संवेदनशील रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में रेल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी प्रदेश को कई महत्वपूर्ण रेल सेवाएं मिल चुकी हैं, जिनमें काठगोदाम–देहरादून के बीच नैनी दून एक्सप्रेस, कोटद्वार–नई दिल्ली रेल सेवा और देहरादून–लखनऊ के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं।
सांसद अनिल बलूनी ने विश्वास जताया कि रामनगर–देहरादून रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। इससे यात्रा का समय कम होगा, खर्च में कमी आएगी और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह मंजूरी उत्तराखंड के विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है और आने वाले समय में राज्य में रेल नेटवर्क को और मजबूत किया जाएगा।












Leave a Reply