राहुल गांधी का देहरादून दौरा तय, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने झोंकी ताकत

देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए उत्तराखंड के युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। राजस्थान के कोटा से शुरू हुए इस अभियान का अगला पड़ाव उत्तराखंड होगा, जहां कांग्रेस इसे युवा मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का बड़ा मंच मान रही है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस भवन में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया।

गणेश गोदियाल ने कहा कि राज्य के हजारों युवा बेहतर शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार युवाओं की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी है और रोजगार के अवसर लगातार कम हुए हैं।

कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी अपने संवाद के दौरान छात्रों के करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा करेंगे। पार्टी का दावा है कि यह कार्यक्रम युवाओं की समस्याओं को देशभर में प्रमुखता से उठाएगा।

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी के दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनावी समय में नेताओं का आना-जाना सामान्य बात है। उन्होंने कांग्रेस पर पेपर लीक जैसे मामलों को लेकर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा सरकार पारदर्शी व्यवस्था के लिए लगातार काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!