भीमताल BDC बैठक में जनप्रतिनिधियों ने खोली विकास कार्यों की पोल, सड़क और पानी रहे सबसे बड़े मुद्दे

भीमताल विकासखंड सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत (BDC) की बैठक में ग्रामीण विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने खुलकर अपनी बात रखी। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने की, जबकि नैनीताल विधायक सरिता आर्य और मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे भी मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न गांवों से पहुंचे प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विकास कार्यों में आ रही बाधाओं और विभागीय लापरवाही को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगा।

बैठक में सबसे अधिक चर्चा ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों और अधूरे सड़क निर्माण कार्यों को लेकर हुई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कई गांव आज भी बेहतर सड़क संपर्क से वंचित हैं, जिससे लोगों को दैनिक आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कई स्थानों पर जल निकासी व्यवस्था न होने से बरसात के दौरान हालात और गंभीर हो जाते हैं।

शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सदन में गंभीर सवाल उठे। धुलई और जाला स्कूलों की बदहाल स्थिति, शिक्षकों की कमी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा विभाग को कठघरे में खड़ा किया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने और जाला स्कूल को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

पेयजल संकट भी बैठक का प्रमुख विषय रहा। कई गांवों के प्रतिनिधियों ने बताया कि जल जीवन मिशन के बावजूद नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। ग्रामीणों को कई किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। इसके साथ ही जल संस्थान और जल निगम से जुड़े बिलों की विसंगतियों को भी अधिकारियों के सामने रखा गया।

बैठक के अंत में ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। विधायक सरिता आर्य ने भी विभागीय अधिकारियों से विकास कार्यों में तेजी लाने और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!