मसूरी : पर्यटन नगरी मसूरी में आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से कोल्हूखेत स्थित ईको टैक्स बैरियर पर लगने वाले भारी जाम की समस्या को देखते हुए अब वहां फास्टैग सिस्टम लागू करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
पर्यटक सीजन के दौरान इस बैरियर पर कई-कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता था, जिससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित की जा रही थीं, जिसके बाद अब प्रशासन और नगर पालिका ने इस दिशा में अहम कदम उठाया है।
नगर पालिका बैठक में लिया गया अहम फैसला
नगर पालिका द्वारा इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई है। शहर के गणमान्य नागरिकों, सभासदों और अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक में ईको टैक्स बैरियर पर फास्टैग सिस्टम लागू करने पर सहमति बनी।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी और अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने भी इस निर्णय पर मुहर लगाई।
माल रोड बैरियर पर भी फास्टैग की तैयारी
नगर पालिका ने जानकारी दी है कि सिर्फ कोल्हूखेत ही नहीं, बल्कि माल रोड स्थित दोनों बैरियरों पर भी फास्टैग सिस्टम लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए स्थानीय लोगों से सुझाव भी मांगे जा रहे हैं ताकि व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
स्थानीय निवासियों को मिलेगी राहत
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि ईको टैक्स बैरियर को फोर लेन सिस्टम में विकसित करने की योजना है। साथ ही टिहरी और उत्तरकाशी के साथ-साथ मसूरी के स्थानीय लोगों को ईको टैक्स से छूट दी जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि दोपहिया वाहनों के लिए अलग लेन बनाई जाएगी ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके।
स्थानीय वाहनों का पंजीकरण शुरू
नगर पालिका ने स्थानीय निवासियों के वाहनों के पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जिससे भविष्य में टैक्स व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और सरल बनाया जा सके।
















Leave a Reply