देहरादून पुलिस ने खुद को आईपीएस अधिकारी, वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, रॉ एजेंट और सीआरपीएफ अधिकारी बताकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसएसपी देहरादून की रणनीति के तहत थाना राजपुर पुलिस ने आरोपी आर. यशोवर्धन (35) को मसूरी रोड स्थित सीएसआई तिराहे से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से विभिन्न सरकारी एजेंसियों के फर्जी पहचान पत्र, विजिटिंग कार्ड और वर्दियां भी बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को डाकरा बाजार निवासी अंशुल उपाध्याय ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यशोवर्धन ने खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताकर होटल जिंजर में मुलाकात की और उनकी दिवंगत माता के नाम पर कंपनी का जल्द पंजीकरण कराने का झांसा देकर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
इसके बाद 15 जुलाई 2026 को एक और पीड़िता डॉ. अनुषा, जो कैनाल रोड स्थित सोशल स्टेज हॉस्टल में रहती हैं, ने भी थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि आरोपी ने खुद को आईपीएस अधिकारी बताते हुए फर्जी आईडी कार्ड और विजिटिंग कार्ड दिखाए तथा रक्षा मंत्रालय में डेटा साइंस कंसल्टेंट की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे 4.60 लाख रुपये ठग लिए। दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया, सीसीटीवी फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। गुरुवार को चेकिंग अभियान के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसके पिता एक वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और बचपन से उसका सपना आईपीएस अधिकारी बनने का था। उसने कई वर्षों तक यूपीएससी की तैयारी की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर उसने फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को प्रभावित करना शुरू कर दिया।
आरोपी ने स्वीकार किया कि वह फर्जी आईडी, विजिटिंग कार्ड और वर्दी का इस्तेमाल कर लोगों का विश्वास जीतता था। इसके बाद नौकरी दिलाने, सरकारी टेंडर पास कराने और विभिन्न सरकारी कार्य जल्द कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करता था। पुलिस को संदेह है कि आरोपी ने इसी तरह कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी है।














Leave a Reply