कैलाश-मानसरोवर यात्रा और मानसून सीजन को लेकर पिथौरागढ़ पुलिस अलर्ट, सीओ उमेश मलिक ने दिए सतर्कता के निर्देश

कैलाश-मानसरोवर यात्रा, आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा सीजन के साथ-साथ मानसून और संभावित आपदाओं को देखते हुए पिथौरागढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी डीडीहाट उमेश मलिक ने कोतवाली डीडीहाट और कोतवाली अस्कोट में पुलिस कर्मियों का सम्मेलन आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

सम्मेलन के दौरान सीओ उमेश मलिक ने पुलिस कर्मियों की समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा, ताकि वे बेहतर ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

सीओ ने कहा कि वर्तमान में कैलाश-मानसरोवर यात्रा, आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक जिले में पहुंच रहे हैं। ऐसे में यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी बनाए रखना और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने मानसून सीजन के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और अन्य संभावित आपदाओं को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पुलिस कर्मियों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए हर समय तैयार रहने और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए कहा।

पिथौरागढ़ पुलिस का कहना है कि यात्रा सीजन और मानसून के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया गया है। सभी थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों को अलर्ट मोड में रहकर यात्रियों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपदा की किसी भी स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!