इंस्टाग्राम पर शेयर की फोटो बनी सबूत, घरेलू सहायिका निकली लाखों के गहनों की चोर

देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में करीब एक साल पुरानी लाखों रुपये के हीरे और सोने के आभूषणों की चोरी का पुलिस ने सफल खुलासा किया है। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए गए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने मामले में घरेलू सहायिका रही महिला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए कीमती आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं।

इस मामले की शुरुआत तब हुई जब सिक्का किमाया ग्रीन आईटी पार्क निवासी नितिशा वत्स ने पुलिस को बताया कि उनके घर से करीब एक वर्ष पहले हीरे और सोने के गहने गायब हो गए थे। उस समय उन्हें लगा कि शायद उन्होंने आभूषण कहीं सुरक्षित रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे, इसलिए चोरी की आशंका नहीं हुई।

कुछ दिन पहले उनके एक परिचित ने इंस्टाग्राम पर एक महिला की तस्वीर दिखाई, जिसमें वह हीरे का हार पहने नजर आ रही थी। तस्वीर देखने पर शिकायतकर्ता ने तुरंत पहचान लिया कि वह उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला है और उसने वही हार पहन रखा है, जो उनके घर से गायब हुआ था।

शिकायत के आधार पर थाना राजपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जोहड़ी रोड से आरोपी महिला को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर लाखों रुपये के हीरे एवं सोने के आभूषण बरामद कर लिए।

पुलिस के अनुसार आरोपी घरेलू सहायिका के रूप में काम करते हुए घर की गतिविधियों से अच्छी तरह परिचित थी। उसने मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया और परिवार को लंबे समय तक यह विश्वास दिलाती रही कि गहने कहीं रखकर भूल गए होंगे। लेकिन इंस्टाग्राम पर साझा की गई एक तस्वीर ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!