उत्तराखंड में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों — इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल — ने स्पष्ट किया है कि राज्य में ईंधन और गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा नागरिकों को घबराकर खरीदारी करने की आवश्यकता नहीं है।
आईओसीएल उत्तराखंड के राज्य स्तरीय समन्वयक श्री कृष्ण कुमार गुप्ता ने बुधवार को बताया कि वैश्विक स्तर पर तेल और गैस क्षेत्र में अनिश्चितताओं के बावजूद उत्तराखंड में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इसके लिए टर्मिनल, डिपो, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और रिटेल आउटलेट सहित पूरे सप्लाई नेटवर्क को सक्रिय रखा गया है।
उन्होंने कहा कि सभी पेट्रोल पंपों और वितरण केंद्रों पर ईंधन की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। निर्धारित सुरक्षा और परिचालन मानकों के अनुरूप बिना किसी प्रतिबंध के वितरण किया जा रहा है।
आईओसीएल के अनुसार, पूरी आपूर्ति श्रृंखला में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं की मांग को पूरा करने के लिए लगातार पुनःपूर्ति की जा रही है। घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति भी सामान्य रूप से जारी है और राज्यभर में वितरण व्यवस्था सुचारू बनी हुई है।
सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां नागरिकों को निर्बाध ऊर्जा आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए लगातार समन्वय के साथ काम कर रही हैं। आपूर्ति की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
कंपनियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे सामान्य रूप से खरीदारी करें और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें। ईंधन की उपलब्धता से जुड़ी सही और प्रमाणिक जानकारी के लिए केवल तेल विपणन कंपनियों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।












Leave a Reply