एसआईआर अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाएं कार्यकर्ता, हर पात्र मतदाता का नाम सूची में हो सुनिश्चित: गणेश जोशी

देहरादून: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना बेहद आवश्यक है।

देहरादून में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के चन्द्रोटी न्यायपंचायत के छह शक्ति केंद्रों और 22 बूथों के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री जोशी ने कहा कि शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव होती है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करना चाहिए और पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में सक्रिय सहयोग देना चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी भी आम नागरिकों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

गणेश जोशी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि लोकतंत्र को अधिक मजबूत और पारदर्शी बनाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।

बैठक के दौरान संगठनात्मक विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान तेज करने तथा पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर देहरादून महानगर के प्रकोष्ठ संयोजक सुरेन्द्र राणा, मंडल महामंत्री किरण, शक्ति केंद्र संयोजक लीला शर्मा, लक्ष्मण सिंह पुंडीर, जितेंद्र राणा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!