देहरादून में ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का उपाध्यक्ष एवं राज्य आंदोलनकारी जोत सिंह बिष्ट ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नारी निकेतन, साधुराम इंटर कॉलेज परिसर और कोरोनेशन अस्पताल की बहुमंजिला पार्किंग परियोजना का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद जोत सिंह बिष्ट ने सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संबंधित सभी परियोजनाएं समय पर पूरी कर ली गई हैं और इन्हें संबंधित विभागों को सफलतापूर्वक हस्तांतरित भी कर दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने साधुराम इंटर कॉलेज में चल रहे उस नवाचार कार्यक्रम की भी सराहना की, जो भीख मांगने वाले और वंचित बच्चों के लिए शुरू किया गया है। इस पहल के तहत बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के साथ-साथ खेल, विज्ञान, कंप्यूटर, संगीत और नृत्य जैसी सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी शामिल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास बच्चों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके भविष्य को एक नई दिशा देने में सहायक साबित होंगे।
इस मौके पर विभागीय अधिकारी और संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।















Leave a Reply