ऋषिकेश में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, चम्पावत घटना को लेकर भाजपा सरकार का फूंका पुतला

संवाददाता: सागर रस्तोगी

चम्पावत में 16 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ भाजपा मंडल उपाध्यक्ष पर लगे कथित सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में ऋषिकेश के कोयल घाटी क्षेत्र में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरव राणा ने किया।

“प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं” — एनएसयूआई

एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा पूरी तरह खतरे में है। उन्होंने कहा कि जब सत्ता से जुड़े लोग ही गंभीर अपराधों में आरोपी बन रहे हों, तब आम जनता न्याय की उम्मीद किससे करे।

उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि यदि उस मामले में समय रहते सख्त कार्रवाई हुई होती, तो आज चम्पावत जैसी दर्दनाक घटना सामने नहीं आती।

दोषियों को फांसी देने की मांग

युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष रवि थापा और महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप ने सरकार पर केवल बयानबाजी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और आरोपियों को जल्द कड़ी सजा नहीं मिली, तो युवा कांग्रेस पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी।

कार्यकर्ताओं ने दोषियों को फांसी देने की मांग करते हुए महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार से ठोस कदम उठाने की अपील की।

बढ़ रहा राजनीतिक दबाव

चम्पावत की घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष लगातार सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहा है, जबकि विभिन्न सामाजिक और छात्र संगठनों ने भी सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *