उत्तराखंड सरकार ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रदेश के कृषि मंत्री Ganesh Joshi ने कृषि विभाग से जुड़े सभी विभागों में सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रत्येक मंगलवार को विभागीय कार्यों में डिजिटल माध्यमों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सचिव कृषि को दूरभाष के माध्यम से निर्देशित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर की गई अपील को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा जाए।
उन्होंने कहा कि “मेरा भारत, मेरा योगदान” अभियान के तहत आंशिक वर्क फ्रॉम होम प्रणाली को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” मनाकर डिजिटल कार्यप्रणाली के जरिए विभागीय कामकाज संचालित किया जाएगा, ताकि ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिल सके।
कृषि मंत्री ने निर्देश दिए कि कृषि, कृषि शिक्षा, कृषि विपणन, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, उद्यान एवं फलोद्योग तथा रेशम विकास विभाग सहित सभी संबद्ध विभागों में डिजिटल कार्यप्रणाली को प्रोत्साहित किया जाए। विभागीय बैठकों, पत्राचार और प्रशासनिक कार्यों में अधिकतम डिजिटल माध्यमों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे अनावश्यक आवागमन में कमी लाई जा सके।
उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और ऊर्जा बचत को जनआंदोलन का रूप देने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।












Leave a Reply