उत्तराखंड परिवहन को मिलेगी नई रफ्तार: मंत्री प्रदीप बत्रा ने की विभागीय समीक्षा, जल्द चलेंगी 50 नई मिनी बसें

उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभागीय कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में बस स्टेशनों के निर्माण, नई बसों की खरीद, इलेक्ट्रिक बसों, राजस्व वृद्धि और यात्री सुविधाओं समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान परिवहन मंत्री ने रामनगर और टनकपुर में निर्माणाधीन बस स्टेशनों के कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि दोनों परियोजनाओं का करीब 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस पर मंत्री ने शेष कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को जल्द आधुनिक बस स्टेशन की सुविधा मिल सके।

प्रदीप बत्रा ने कहा कि परिवहन निगम और परिवहन विभाग के बेहतर समन्वय का सकारात्मक असर राजस्व पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा सीजन के दौरान उत्तराखंड परिवहन निगम ने अब तक लगभग 8 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है। साथ ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे मार्ग पर किराया कम किए जाने के बाद निगम की बसें यात्रियों की पहली पसंद बनकर उभरी हैं।

परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड परिवहन निगम को घाटे से बाहर निकालकर आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। इसी दिशा में जल्द ही 50 नई मिनी बसों का संचालन पहाड़ी और छोटे मार्गों पर शुरू किया जाएगा। इसके अलावा भारत सरकार से लगभग 140 नई इलेक्ट्रिक बसें उत्तराखंड को मिलने वाली हैं। इन बसों के संचालन को देखते हुए राज्यभर में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में परिवहन सेवाओं के आधुनिकीकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने बताया कि टिकट बुकिंग प्रक्रिया को और आसान बनाया जा रहा है तथा अब कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से भी बस टिकट बुक कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही परिवहन विभाग के कार्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का कार्य भी जारी है।

प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में सिटी बस सेवा शुरू करने की कार्ययोजना तैयार की गई है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। बैठक में बसों की मरम्मत, पुराने वाहनों को हटाने, कर्मचारियों की भर्ती, बस अड्डों की आधारभूत सुविधाओं, ऑनलाइन टिकट बुकिंग, यात्री शिकायतों के समाधान और तकनीकी उन्नयन सहित भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में परिवहन निगम प्राधिकरण के सदस्य संजय अरोड़ा, परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी, उपायुक्त सुनील शर्मा, महाप्रबंधक अनिल सिंह गर्ब्याल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!