मसूरी में ट्रैफिक सुधार की बड़ी कवायद, 9 चौराहों का होगा चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण

पर्यटन नगरी मसूरी में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उप जिलाधिकारी राहुल आनंद के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद मसूरी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने शहर के प्रमुख जाम प्रभावित चौराहों का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान शहर के कुल 9 स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां जल्द ही चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा।

इन 9 स्थानों पर होगा विकास कार्य

योजना के तहत लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी गेट (मालिंगार), लाइब्रेरी चौक, जीरो पॉइंट, अनुपम चौक, अग्रसेन चौक, पिक्चर पैलेस चौक और किंक्रेग चौक सहित अन्य प्रमुख भीड़भाड़ वाले क्षेत्र शामिल हैं।

इन इलाकों में लंबे समय से सड़कें संकरी होने के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी जाम का सामना करना पड़ता था, जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

जाम से राहत और पर्यटन को बढ़ावा

प्रशासन का दावा है कि इन चौराहों के चौड़ीकरण से न केवल ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा बल्कि मसूरी आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही इन स्थानों पर आधुनिक साइनेज बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे दिशा-निर्देशन आसान होगा और पर्यटक बिना किसी परेशानी के अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

उप जिलाधिकारी राहुल आनंद ने दी जानकारी

उप जिलाधिकारी राहुल आनंद ने बताया कि मसूरी में बढ़ते यातायात दबाव, जाम की स्थिति और पार्किंग संकट को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देशों के बाद विस्तृत निरीक्षण कर आवश्यक स्थानों को चिन्हित किया गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में सचिव गृह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मसूरी में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और पर्यटकों व स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधा देने पर विशेष चर्चा की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!