बाइक सवारों ने तमंचा लहराकर मचाई दहशत, हवाई फायरिंग की भी चर्चा, पुलिस जांच में जुटी

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में रविवार शाम सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के शास्त्री नगर में बाइक सवार दो युवकों ने कथित तौर पर तमंचा लहराकर इलाके में दहशत फैला दी। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस दौरान हवाई फायरिंग भी की गई, जिससे पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस ने फिलहाल फायरिंग की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

जानकारी के मुताबिक, शास्त्री नगर निवासी एक युवक का कुछ लोगों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है। हाल ही में दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना भी हुई थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते रविवार शाम दो युवक बाइक पर सवार होकर उसके घर के बाहर पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक के पीछे बैठे युवक ने तमंचा लहराकर धमकी दी। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि इसी दौरान हवाई फायरिंग की गई, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई। अचानक हुई इस घटना से लोग अपने घरों के अंदर चले गए और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सूचना मिलने पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और जांच शुरू कर दी।

मामले पर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि अभी तक पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि फिलहाल हवाई फायरिंग की पुष्टि भी नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!