बिगवाड़ा मंडी विवाद पर विधायक शिव अरोड़ा का बड़ा हस्तक्षेप, बोले- छोटे व्यापारियों के अधिकारों से नहीं होगा खिलवाड़

रुद्रपुर की बिगवाड़ा मंडी में चबूतरा आवंटन और नीलामी प्रक्रिया को लेकर बढ़ते विवाद के बीच विधायक शिव अरोड़ा ने सीधे मैदान में उतरकर व्यापारियों को राहत देने की पहल की है। रविवार को उन्होंने मंडी पहुंचकर व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाकर जवाब तलब किया।

मंडी में मौजूद व्यापारियों ने विधायक को बताया कि वे पिछले करीब 20 वर्षों से यहां फल और सब्जियों का थोक कारोबार कर रहे हैं। उनका कहना है कि नई व्यवस्था के कारण उनके रोजगार और व्यवसाय पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।

व्यापारियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक शिव अरोड़ा ने स्पष्ट कहा कि किसी भी निर्णय में छोटे और पुराने व्यापारियों के हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी कदम उठाने से पहले सभी पक्षों की बात सुनी जाए और न्यायसंगत समाधान निकाला जाए।

शिव अरोड़ा ने कहा कि गरीब और मेहनतकश व्यापारियों को परेशान करने वाली किसी भी कार्रवाई को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि जनता के हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए वे हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो इस मामले को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंचाया जाएगा, ताकि व्यापारियों के अधिकार सुरक्षित रह सकें और किसी के साथ अन्याय न हो।

बिगवाड़ा मंडी में चल रहा यह विवाद अब प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों के बीच चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है। आने वाले दिनों में इस मामले में प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *