बरसात से पहले एक्शन मोड में मंत्री गणेश जोशी, बीजापुर डैम मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षात्मक कार्य तत्काल शुरू करने के दिए निर्देश

देहरादून में लगातार हो रही बारिश और मानसून के मद्देनज़र कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ गढ़ी कैंट स्थित घट्टी गोला क्षेत्र और बीजापुर डैम के निकट संपर्क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि बारिश के मौसम में स्थानीय लोगों को आवागमन में किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसाती नदी की ओर सुरक्षा दीवार (प्रोटेक्शन वॉल) का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए, ताकि कटाव और संभावित हादसों को रोका जा सके।

उन्होंने मोटर मार्ग पर लगातार हो रहे मिट्टी के कटाव को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को प्रोटेक्शन नेट या ब्रेस्ट वॉल का निर्माण जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव के लिए सभी सुरक्षात्मक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।

कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को क्षेत्र की लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!