कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून में भूमिगत विद्युत लाइन बिछाने के कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले सभी प्रभावित सड़कों का सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
बुधवार को अपने शासकीय आवास पर आयोजित बैठक में मंत्री गणेश जोशी ने नगर निगम और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़क क्षति की स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने विशेष रूप से आर्यनगर वार्ड, सालावाला और दून विहार क्षेत्र में खराब सड़कों को जल्द से जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि बरसात के मौसम में खराब सड़कें आम जनता के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन सकती हैं, इसलिए सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
मंत्री गणेश जोशी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में पार्षद भूपेंद्र कठैत, पार्षद योगेश घागट, संजय नौटियाल, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल अरुण कांत, सहायक नगर आयुक्त विनय प्रताप, अधिशासी अभियंता रचित कोठियाल और अधीक्षण अभियंता भावुल जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















Leave a Reply