देहरादून: सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अमर शहीद मेजर भूपेन्द्र कण्डारी (सेना मेडल) की 23वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून के हाथीबड़कला स्थित शहीद द्वार पहुंचकर शहीद मेजर कण्डारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस, शौर्य तथा राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गणेश जोशी ने कहा कि अमर शहीदों का बलिदान देशवासियों को सदैव राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का देश हमेशा ऋणी रहेगा और उनका त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों की भूमि है और यहां के जवानों ने देश की सुरक्षा, संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए हर समय अद्वितीय साहस का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीदों के सम्मान और उनके परिजनों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने भी अमर शहीद मेजर भूपेन्द्र कण्डारी को श्रद्धासुमन अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर शहीद के पिता गजेन्द्र सिंह कण्डारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल ओ.पी. फरस्वाण (सेवानिवृत्त), अशोक गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, सी.एस. नेगी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।















Leave a Reply