रुद्रपुर: उत्तराखंड की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राएं ही उत्तराखंड और देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि संकल्प, अनुशासन और संस्कार से मिलती है। यही मूल्य व्यक्ति को लंबे समय तक सफलता के शिखर पर बनाए रखते हैं।
मंगलवार को रुद्रपुर के होटल सोनिया सभागार में रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति इस बात से तय होती है कि वह अपनी प्रतिभाओं को कितना सम्मान और अवसर देता है। रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच वर्षों से सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है, जो सराहनीय है।
मेहनत और अनुशासन ही सफलता की असली कुंजी
रेखा आर्या ने सम्मानित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि किसी संयोग का परिणाम नहीं, बल्कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि अब विद्यार्थियों के जीवन की नई यात्रा शुरू हो रही है। ऐसे में सफलता के साथ-साथ अच्छे संस्कार और मजबूत संकल्प को भी हमेशा अपने साथ रखना जरूरी है।
उन्होंने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, चुनौतियों का डटकर सामना करने और अपनी प्रतिभा के दम पर उत्तराखंड व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विद्यार्थी आज का भी गौरव, कल का भी भविष्य
मंत्री ने कहा कि आज के विद्यार्थी केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान का भी गौरव हैं। जब प्रदेश का युवा आगे बढ़ेगा, तभी उत्तराखंड और भारत विकास के नए आयाम स्थापित करेंगे।
उन्होंने इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके माता-पिता और शिक्षकों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि हर सफलता के पीछे परिवार के त्याग और गुरुजनों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
93 मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान
प्रतिभा सम्मान समारोह में इस वर्ष उत्तराखंड बोर्ड और CBSE बोर्ड की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में अपने-अपने विद्यालयों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले 93 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं।
















Leave a Reply