रुद्रप्रयाग-श्रीनगर हाईवे पर मैक्स वाहन हादसा, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से घायलों को मिला समय पर उपचार

राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर रुद्रप्रयाग से लगभग चार किलोमीटर आगे श्रीनगर की ओर जा रहा एक मैक्स वाहन शनिवार सुबह अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। वाहन में कुल 8 यात्री और एक चालक सवार थे। हादसे में यात्रियों को सामान्य चोटें आईं, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, आज सुबह 10:07 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और राहत एवं बचाव कार्य बिना किसी देरी के शुरू कर दिया गया।

DEOC द्वारा तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा, पुलिस टीम और राहत-बचाव दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर तेजी और समन्वय के साथ राहत कार्य संचालित किया। सभी घायलों को सुरक्षित वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता के बाद जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में घायल 8 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। वहीं गंभीर रूप से घायल चालक को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। जिला चिकित्सालय में सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समन्वय और प्रभावी राहत कार्य के जरिए लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *