मंगलौर रोडवेज बस अड्डे का पुनर्निर्माण शुरू, अक्टूबर तक कार्य पूरा करने के निर्देश

रुड़की: लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े मंगलौर रोडवेज बस अड्डे के दिन अब बदलने वाले हैं। परिवहन विभाग द्वारा इसके पुनर्निर्माण का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने निर्माण कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

बताया जा रहा है कि पिछले कई वर्षों से मंगलौर बस अड्डे की स्थिति बेहद खराब थी, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि, परिवहन मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद मंत्री प्रदीप बत्रा ने विभागीय कार्यों में तेजी लाते हुए सुधार की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।

इसी क्रम में जहां रुड़की रोडवेज बस अड्डे का पुनर्निर्माण कार्य शुरू किया गया है, वहीं मंगलौर रोडवेज बस अड्डे पर भी गेट और बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

मंगलौर बस अड्डे का निरीक्षण करने पहुंचे आरईएस के अधीक्षण अभियंता अनुपम भटनागर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य अक्टूबर माह तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी बताया कि इस परियोजना की अनुमानित लागत 65 लाख रुपये है और निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

स्थानीय लोगों और यात्रियों को उम्मीद है कि बस अड्डे के सुधरने से उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और आवागमन अधिक सुगम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!