देहरादून: हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना के बाद परिवहन विभाग ने सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और सुरक्षित बनाने की दिशा में अहम पहल की है। आरटीओ प्रशासन ने शहर में संचालित करीब 170 सिटी बसों की फिटनेस जांच कराने के साथ-साथ सभी चालकों और परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने का निर्णय लिया है।
आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बस चालक पूरी तरह शारीरिक रूप से स्वस्थ हों और किसी भी गंभीर बीमारी के कारण यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित न हो।
स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से रेंजेस ग्राउंड में विशेष मेडिकल कैंप लगाया जाएगा। यहां डॉक्टरों की टीम चालकों और परिचालकों के हृदय, आंखों और रक्तचाप सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य परीक्षण करेगी।
आरटीओ के अनुसार, बसों की तकनीकी फिटनेस की भी गहन जांच होगी। यदि किसी बस में कोई कमी पाई जाती है तो उसे ठीक कराने के बाद ही संचालन की अनुमति दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि विभाग पहले भी 450 से अधिक परिचालकों की मेडिकल जांच करा चुका है। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ लाइसेंस निलंबन और कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है।














Leave a Reply