मसूरी को मिली बड़ी राहत: दूसरे वैली ब्रिज से आसान हुआ सफर, होटल एसोसिएशन ने सरकार का जताया आभार

मसूरी-देहरादून मार्ग पर लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या अब काफी हद तक कम हो गई है। शिव मंदिर के पास बने दूसरे वैली ब्रिज के चालू होने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिली है।

गौरतलब है कि 16 सितंबर 2025 को आई प्राकृतिक आपदा के बाद इस मार्ग पर स्थित पुल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे मसूरी का संपर्क अन्य क्षेत्रों से बाधित हो गया था। इसके बाद सरकार ने तत्काल कदम उठाते हुए एक अस्थायी वैली ब्रिज का निर्माण कराया, जिससे यातायात बहाल हुआ।

लेकिन पर्यटन सीजन में बढ़ती भीड़ और वाहनों के दबाव के कारण जाम की समस्या बनी रही। इस चुनौती को देखते हुए सरकार ने यहां एक और वैली ब्रिज के निर्माण का फैसला लिया। अब दूसरे ब्रिज के शुरू होने से यातायात अधिक सुचारू और व्यवस्थित हो गया है।

इस उपलब्धि को लेकर मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने प्रेस वार्ता कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का आभार जताया।

संजय अग्रवाल ने कहा कि पर्यटन सीजन से पहले दूसरा वैली ब्रिज तैयार होना मसूरी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे जाम की समस्या में कमी आएगी और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन ने सरकार से इस दिशा में मांग की थी, जिस पर तेजी से कार्रवाई की गई।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री ने लगातार निर्माण कार्य की निगरानी की और अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

अब स्थानीय व्यापारियों और पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि इस साल मसूरी में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और शहर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *