देहरादून: समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने अपने विधानसभा क्षेत्र राजपुर के अंतर्गत आने वाले इन्द्रेश नगर वार्ड के निवासियों को बड़ी विकासात्मक सौगात देते हुए 1.14 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न सीवर लाइन सुधार परियोजनाओं का भूमि पूजन किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में उठाए गए कदम का स्वागत किया।
भूमि पूजन के तहत शिवा सेनेट्री कावली रोड, शिवा सेनेट्री मालवीय रोड, महन्त रोड, जाटव जी वाली गली, पानी की टंकी क्षेत्र, छोटा जटिया मोहल्ला और मुख्य मार्ग इन्द्रेश नगर समेत कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों को बदलने का कार्य शुरू किया गया। इन क्षेत्रों में लंबे समय से सीवर जाम, जलभराव और दुर्गंध की समस्या बनी हुई थी, जिससे स्थानीय लोग परेशान थे।
समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने बताया कि क्षेत्रवासियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद शासन स्तर से 1.14 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई और अब निर्माण कार्यों की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है।
मंत्री ने कहा कि इन्द्रेश नगर वार्ड की सीवर व्यवस्था को स्थायी समाधान देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरे क्षेत्र की सीवर लाइन बदलने की योजना को अपनी घोषणाओं में शामिल किया है। इसके तहत जल संस्थान द्वारा 28.06 करोड़ रुपये का विस्तृत प्राक्कलन शासन को भेजा जा चुका है और जल्द ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
खजानदास ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। उनकी पारदर्शी और त्वरित कार्यशैली के कारण योजनाओं को समय पर स्वीकृति मिल रही है और परियोजनाएं निर्धारित अवधि में पूरी हो रही हैं। इससे एक ओर सरकारी संसाधनों की बचत हो रही है तो दूसरी ओर जनता को विकास योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो रहा है।
इस अवसर पर गढ़वाल मंडल विकास निगम के निदेशक विशाल गुप्ता, श्रीमती मित्रा, पूर्व दायित्वधारी रविंद्र कटारिया, पार्षद मनोज जाटव, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, अनुराग अग्रवाल, अरविंद गोयल, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आशीष भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।














Leave a Reply