विकासनगर: देहरादून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 86.31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी उत्तर प्रदेश से स्मैक लाकर विकासनगर और आसपास के क्षेत्रों में युवाओं, मजदूरों और छात्रों को बेचने की तैयारी में था।
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस गैस गोदाम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक युवक को रोककर तलाशी ली। जांच में उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जाकिर पुत्र वकील, निवासी मिर्जापुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह स्मैक उत्तर प्रदेश के कैराना क्षेत्र से खरीदकर लाया था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसका मकसद स्मैक को स्थानीय नशे के आदी लोगों, मजदूरों और शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों तक पहुंचाना था। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में नशा तस्करी से जुड़े कुछ अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
देहरादून पुलिस ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने और तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने के लिए भविष्य में भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।














Leave a Reply