सेल्फी प्वाइंट पर बड़ा हादसा टला, SDRF ने 200 फीट गहरी खाई से युवक को किया सुरक्षित रेस्क्यू

देहरादून: देहरादून रोड स्थित काली माता मंदिर के आगे बने सेल्फी प्वाइंट पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक 20 वर्षीय युवक संतुलन खोने के कारण गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक की जान बचाई।

SDRF को घटना की सूचना ऋषिकेश कंट्रोल रूम के माध्यम से मिली। इसके बाद ढालवाला स्थित SDRF टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने कठिन और जोखिम भरे रास्ते से खाई में उतरकर घायल युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू के बाद घायल युवक को स्ट्रेचर की सहायता से नदी मार्ग से एम्बुलेंस तक पहुंचाया गया। वहां से उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इस दौरान स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम भी मौके पर मौजूद रही और रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया।

घायल युवक की पहचान मोहित आर्या (20) पुत्र प्रदीप आर्या, निवासी बेतालघाट, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने दोस्तों के साथ घूमने आया था। सेल्फी प्वाइंट के पास संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खाई में जा गिरा।

इस घटना के बाद SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने लोगों और पर्यटकों से बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेल्फी या वीडियो बनाने के लिए किसी भी प्रकार का जोखिम न लें और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा नियमों का पालन करें। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!