भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने विकासनगर के दिवंगत भाजपा कार्यकर्ता विनोद कश्यप के आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता एवं न्याय का भरोसा दिलाया।
महेंद्र भट्ट वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैरागीवाला स्थित विनोद कश्यप के निवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार इस दुखद घड़ी में पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता: महेंद्र भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दिवंगत कार्यकर्ता के परिवार को न्याय दिलाना सरकार और संगठन दोनों की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने दिवंगत विनोद कश्यप के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा ईश्वर से उनकी पुण्यात्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।
दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
महेंद्र भट्ट ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मामले में त्वरित और कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।
उन्होंने दोहराया कि इस कठिन समय में भाजपा संगठन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।














Leave a Reply