उत्तराखंड के रुड़की से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के टिकोला गांव में कुछ युवकों को बंधक बनाकर लाठी-डंडों और चप्पलों से बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में घायल युवक हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं, लेकिन हमलावर लगातार उन पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। युवकों के कपड़ों और शरीर पर खून के निशान साफ देखे जा सकते हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।
बताया जा रहा है कि यह विवाद प्रेम प्रसंग को लेकर शुरू हुआ। जानकारी के अनुसार, एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच युवक-युवती के रिश्ते को लेकर तनाव बढ़ गया, जिसके बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवकों को पकड़कर बंद कमरे में उनकी जमकर पिटाई कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। मंगलौर के सीओ अभिनय चौधरी ने बताया कि वायरल वीडियो की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस हमलावरों और पीड़ितों की पहचान करने में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।












Leave a Reply