देहरादून में 11 जुलाई से शुरू होगा ‘लोक संवर्धन पर्व’, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे उद्घाटन

देहरादून में 11 जुलाई से पांच दिवसीय ‘लोक संवर्धन पर्व’ का आयोजन होने जा रहा है। भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे। यह आयोजन 11 से 15 जुलाई तक परेड ग्राउंड में चलेगा और आम जनता के लिए नि:शुल्क रहेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास तथा केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। खास बात यह है कि पीएम विकास योजना के तहत इस आयोजन में मंत्रालय के साथ साझेदारी करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है।

महोत्सव में देशभर की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों के करीब 150 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें लगभग 40 प्रतिशत स्टॉल उत्तराखंड की पारंपरिक कला और शिल्प को समर्पित होंगे। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, गुजरात समेत कई राज्यों की प्रसिद्ध हस्तकलाएं भी प्रदर्शित की जाएंगी। वहीं, 20 फूड स्टॉलों पर गढ़वाली, कुमाऊँनी, लखनवी, राजस्थानी और अन्य पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान आगंतुकों को लाइव शिल्प प्रदर्शन, उद्यमिता एवं डिजिटल मार्केटिंग सत्र, खरीदार-विक्रेता संवाद और कारीगरों के लिए व्यापारिक अवसरों से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन पारंपरिक कला, शिल्प और स्थानीय उद्यमिता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने का प्रयास है।

सांस्कृतिक संध्याओं में देश और उत्तराखंड के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उद्घाटन दिवस पर ग़ज़ल गायक तलत अज़ीज़ प्रस्तुति देंगे। इसके बाद ज्योति नूरां, किशन महिपाल, विवेक नौटियाल, माया उपाध्याय, पांडवाज़ बैंड और परमिश वर्मा जैसे कलाकार भी दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। मंत्रालय ने नागरिकों, पर्यटकों, विद्यार्थियों और शिल्प प्रेमियों से 11 से 15 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे के बीच परेड ग्राउंड पहुंचकर इस महोत्सव का हिस्सा बनने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!