मन की बात के 134वें संस्करण को सुन कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी बोले- राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है कार्यक्रम

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देशवासियों को सकारात्मक सोच, जनभागीदारी और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए निरंतर प्रेरित करता है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, चोलकालीन ताम्र पट्टिकाओं की स्वदेश वापसी और देश की प्राचीन धरोहरों के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। इसके अलावा उन्होंने खगोल विज्ञान के क्षेत्र में युवाओं की बढ़ती रुचि, पर्यावरण संरक्षण, गंगा डॉल्फिन संवर्धन, जल संरक्षण और समाज सेवा से जुड़े प्रेरणादायी प्रयासों का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम सुनने के बाद कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के नागरिकों को समाज और राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का एहसास कराने वाला एक प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर बार की तरह इस बार भी विभिन्न प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश देने में सफल रहे हैं।

गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उठाए गए विषय न केवल लोगों को जागरूक करते हैं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति भी नागरिकों को संवेदनशील बनाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को प्रधानमंत्री के आह्वान से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान सुनिश्चित करना चाहिए।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से देश को विकास और समृद्धि के नए आयामों तक पहुंचाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *