उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। इस वर्ष यात्रा में भक्तों का उत्साह चरम पर है, जिसके चलते दर्शन करने वालों की संख्या लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है।
22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से अब तक बाबा केदार के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 3 लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, कुल 3,08,085 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं, एक दिन में 23,784 श्रद्धालुओं का आगमन दर्ज किया गया, जो अब तक के उच्चतम आंकड़ों में शामिल है।
भारी भीड़ के बावजूद यात्रा को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। यात्रा मार्ग पर पुलिस, स्वास्थ्य सेवाएं, आपदा प्रबंधन और अन्य विभागों की टीमें लगातार तैनात हैं। हर प्रमुख पड़ाव पर पेयजल, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता और यातायात नियंत्रण की बेहतर व्यवस्था की गई है।
पहाड़ी इलाकों की संवेदनशीलता को देखते हुए भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। SDRF, DDRF और NDRF की टीमें अलर्ट मोड में हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
इसके साथ ही, कंट्रोल रूम से पूरी यात्रा की निगरानी की जा रही है, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम और मार्ग की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि सभी के सहयोग से ही यह यात्रा सुरक्षित और सफल बनाई जा सकती है।












Leave a Reply