श्री केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग दोबारा सुचारू, श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने बढ़ाई सुविधाएं

श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन लगातार यात्रा मार्ग की निगरानी कर रहा है। प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के समन्वय से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सहायक अभियंता, DDMA गुप्तकाशी के अनुसार, केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग को अब पैदल यात्रियों के दोतरफा आवागमन के लिए पूरी तरह खोल दिया गया है। वहीं, यात्रा मार्ग पर भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घोड़ा-खच्चरों के संचालन के लिए एकतरफा व्यवस्था लागू की गई है।

जिला प्रशासन ने बताया कि लगातार हो रही बारिश को देखते हुए यात्रा मार्ग की स्थिति पर हर समय नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर तत्काल मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि यात्रा निर्बाध रूप से जारी रहे।

प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही यात्रा करें। इससे यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सभी श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!