पूर्व सैनिक आश्रितों के लिए रोजगार मेला आयोजित, चयनित युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र: गणेश जोशी

देहरादून में सैनिक कल्याण विभाग और आईटीडीए के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रोजगार मेले में पूर्व सैनिक आश्रितों को रोजगार के नए अवसर प्रदान किए गए। कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए और विभिन्न निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया।

देहरादून स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक में आयोजित इस रोजगार मेले में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह रोजगार मेला विशेष रूप से उन पूर्व सैनिक आश्रितों के लिए आयोजित किया गया था, जिन्होंने कंप्यूटर एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त किया है। कार्यक्रम में 21 निजी कंपनियों ने भाग लिया और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।

इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि यह रोजगार मेला केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत पहल है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है, जहां हर परिवार देशभक्ति, अनुशासन और त्याग की भावना से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने राष्ट्र की सुरक्षा में अमूल्य योगदान दिया है और अब सरकार की जिम्मेदारी है कि उनके परिवारों एवं आश्रितों को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के माध्यम से सशक्त बनाया जाए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए शिक्षा अनुदान, छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण और पुनर्वास योजनाओं सहित कई योजनाएं संचालित कर रही है।

मंत्री जोशी ने जानकारी दी कि पिछले दो वर्षों में सैनिक कल्याण विभाग और आईटीडीए के संयुक्त प्रयासों से 628 पूर्व सैनिक आश्रितों को कंप्यूटर एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि वर्तमान में 227 युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जनवरी 2024 में आयोजित रोजगार मेले में 22 पूर्व सैनिक आश्रितों को रोजगार मिला था।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह रोजगार मेला प्रधानमंत्री Narendra Modi के “स्किल इंडिया” और “आत्मनिर्भर भारत” अभियान तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के युवा-सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के विजन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए पश्चिम एशिया संकट और वैश्विक ऊर्जा संकट का उल्लेख किया। उन्होंने लोगों से पेट्रोल-डीजल की बचत और ऊर्जा संरक्षण अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण निदेशक श्याम सिंह, उप निदेशक कर्नल वीपी भट्ट, विंग कमांडर निधि बधानी और आईटीडीए के अपर निदेशक तीरथ पाल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *