संवाददाता: सागर रस्तोगी
चार धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत कर दिया है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस के साथ ITBP (इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस) और ATS (एंटी टेररिस्ट स्क्वाड) की टीमों को भी तैनात किया गया है।
ऋषिकेश और मुनिकीरेती जैसे प्रमुख प्रवेश क्षेत्रों में संयुक्त सुरक्षा बल लगातार निगरानी कर रहे हैं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी बरती जा रही है और हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
इसके अलावा, होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यात्रा मार्गों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित और निर्बाध बनी रहे।
ATS के सब-इंस्पेक्टर अनिल आर्य ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और सभी टीमें आपसी समन्वय के साथ काम कर रही हैं।
वहीं, टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने उन्हें रिफ्रेशमेंट प्रदान कर बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए और उनका मनोबल बढ़ाया।
सरकार की इस बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य चार धाम यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, सुचारू और श्रद्धालुओं के लिए सहज बनाना है।












Leave a Reply