देहरादून के थानो क्षेत्र में धार्मिक ढांचों पर हुई कार्रवाई को लेकर शुरू हुए विवाद के बीच भाजपा विधायक विनोद चमोली ने सरकार का पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाया जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान किसी विशेष समुदाय के खिलाफ नहीं है और इसे मुस्लिम विरोधी बताना पूरी तरह गलत है।
विनोद चमोली ने कहा कि उत्तराखंड सरकार पूरे प्रदेश में सरकारी और वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान वन भूमि पर बनी कई अवैध मजारों को भी हटाया गया है, जिससे यह साबित होता है कि कार्रवाई किसी धर्म या समुदाय को निशाना बनाकर नहीं की जा रही है।
भाजपा विधायक ने कहा कि जहां भी अतिक्रमण की शिकायत या सूचना मिल रही है, वहां प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि मस्जिद, मदरसा या किसी भी धार्मिक स्थल का निर्माण कानूनी प्रक्रिया और वैध भूमि पर ही होना चाहिए।
चमोली ने दोहराया कि यदि कोई भी व्यक्ति या संस्था सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य करती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता कानून का पालन सुनिश्चित करना और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना है।
गौरतलब है कि थानो क्षेत्र में हाल ही में धार्मिक ढांचों पर हुई प्रशासनिक कार्रवाई के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस शुरू हो गई थी। इसी संदर्भ में भाजपा विधायक का यह बयान सामने आया है।
















Leave a Reply