लगातार हो रही अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त हुए देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग का बुधवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पानी वाले बैण्ड के समीप प्रभावित हिस्से का जायजा लेते हुए जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग के पुनर्निर्माण का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर और युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि देहरादून और मसूरी के बीच यातायात को जल्द से जल्द पूरी तरह सामान्य बनाना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जहां बारिश के कारण वाहनों के दलदल में फंसने की आशंका है, वहां तत्काल पत्थर, गिट्टी और अन्य आवश्यक निर्माण सामग्री डालकर सड़क को सुरक्षित और सुगम बनाया जाए। साथ ही जल निकासी और सड़क की मजबूती पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इससे दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी और यातायात सुरक्षित तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
इस दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सहित जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंत्री को पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति और आगे की कार्ययोजना से अवगत कराया।
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सरकार सड़क संपर्क बहाल रखने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी कर रही है। प्रशासन का कहना है कि मौसम की स्थिति के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि किसी भी तरह की बाधा को जल्द दूर किया जा सके।
















Leave a Reply