चारधाम यात्रा में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, ऋषिकेश-हर्बर्टपुर में 24 घंटे स्क्रीनिंग जारी

उत्तराखंड में जारी चारधाम यात्रा के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। ऋषिकेश और हर्बर्टपुर में बनाए गए स्वास्थ्य स्क्रीनिंग केंद्रों पर यात्रियों की लगातार जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें 24 घंटे तैनात रहकर यात्रियों की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने बताया कि ऋषिकेश केंद्र पर अब तक हजारों यात्रियों की ओपीडी जांच की जा चुकी है। जांच के दौरान कई यात्रियों में डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारियों के लक्षण पाए गए, जिन्हें विशेष चिकित्सीय परामर्श दिया गया।

यात्रा मार्ग पर अब तक 20 श्रद्धालुओं को एम्बुलेंस के माध्यम से आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं, 29 यात्रियों को स्वास्थ्य जोखिम को देखते हुए यात्रा स्थगित करने की सलाह दी गई है।

हर्बर्टपुर केंद्र पर भी ओएनजीसी के सहयोग से स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *