देहरादून में भारी बारिश का कहर: विजय कॉलोनी की खाला बस्ती में सुरक्षा दीवार ढही, कई मकान क्षतिग्रस्त

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच शनिवार देर शाम विजय कॉलोनी स्थित खाला बस्ती में एक बड़ा हादसा हो गया। तेज बारिश के कारण एक सुरक्षा दीवार अचानक ढह गई, जिससे आसपास के दो से तीन मकानों को नुकसान पहुंचा। हादसे में विमला देवी नामक महिला घायल हो गईं, जिनके पैर में चोट आई है। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें तत्काल दून अस्पताल भेजा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी बिना देर किए मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मंत्री गणेश जोशी ने जिलाधिकारी देहरादून और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संभावित खतरे वाले स्थानों की लगातार निगरानी करने और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए।

बारिश के कारण उत्पन्न हालात को देखते हुए मंत्री गणेश जोशी देर रात तक घटनास्थल पर डटे रहे और स्वयं राहत एवं बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग करते रहे। जिलाधिकारी देहरादून और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उन्होंने प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत पहुंचाने और पूरे क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।

प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!