थराली-चेपड़ो में आपदा पीड़ितों से मिले हरीश रावत, राहत कार्यों की धीमी रफ्तार पर उठाए सवाल

उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली और चेपड़ो गांव में आपदा के बाद राहत कार्यों में हो रही देरी को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री Harish Rawat ने शुक्रवार को आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

बागेश्वर से ग्वालदम होते हुए थराली पहुंचे हरीश रावत ने स्थानीय कार्यकर्ताओं से बातचीत के बाद चेपड़ो गांव का रुख किया। यहां ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि आपदा को आठ महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक दुकानों और संपत्तियों के नुकसान का उचित मुआवजा नहीं मिला है। साथ ही, सुरक्षा और पुनर्निर्माण कार्य भी अधूरे पड़े हैं।

“पीड़ितों की समस्याएं बढ़ रही हैं”

ग्रामीणों की बात सुनने के बाद Harish Rawat ने कहा कि सरकार को तत्काल प्रभाव से राहत कार्यों में तेजी लानी चाहिए। उन्होंने कहा कि “आठ महीने बाद भी यदि हालात नहीं सुधरे, तो यह प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।”

मुआवजा राशि पर उठे सवाल

पत्रकारों से बातचीत में हरीश रावत ने 2013 की आपदा का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय प्रभावितों को त्वरित राहत दी गई थी। उन्होंने कहा कि पहले जहां मकान क्षति पर 7 लाख रुपये तक का मुआवजा दिया गया था, वहीं इस बार केवल 5 लाख रुपये दिए जा रहे हैं, जो मौजूदा महंगाई के हिसाब से अपर्याप्त है।

उन्होंने यह भी मांग की कि जो लोग अब तक लापता हैं, उन्हें मृत घोषित कर उनके परिवारों को सरकारी सहायता दी जाए।

पुनर्निर्माण कार्य अब भी अधूरे

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में टूटे रास्तों, क्षतिग्रस्त सरकारी संपत्तियों और अन्य बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावितों को केवल आश्वासन मिल रहे हैं, जमीनी स्तर पर काम नजर नहीं आ रहा।

जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी

नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत ने कहा कि जिला प्रशासन स्तर पर कुछ कार्य जरूर हुए हैं, लेकिन अधिकांश प्रभावितों को मुआवजा नहीं मिला है। कई बार शिकायतों और पत्राचार के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनोद रावत ने भी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आपदा प्रभावितों को लगातार गुमराह किया जा रहा है और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित, पूर्व राज्यमंत्री सुशील रावत, जिला महामंत्री संदीप कुमार सहित कई स्थानीय नेता और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *